भदोही। कोविड-19 का संक्रमण धीरे धीरे शहर में फैल रहा है। इसमे नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में पांव पसार लिया है। प्रदेश शासन से लोगों को होम क्वारंटीन किए जाने के निर्देश से लोग और सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि अब तो हम लोगों को और सचेत रहना होगा। गौरतलब है कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा में आधा दर्जन से अधिक कर्मी संक्रमित हुए थे। यह शाखा शहर के घनी आबादी के बीच होने से लोग घबराए हुए हैं। उधर नगर पालिका ने आज जल्लापुर नईबस्ती में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
जल्लापुर नईबस्ती की सभासद नसरुन हन्नान ने बताया कि तीन दिन पूर्व वार्ड में तीन मरीज मिलने के बाद से लोग सैनिटाइजेशन की मांग कर रहे थे। आज पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज कराया गया। लोगों से अपेक्षा की गई है वे खुद अपना बचाव करें। मास्क लगाकर निकलें तथा घर से निकलते समय अथवा घर पहुंचते ही साबुन से हाथ धोएं। उधर भीड़ भरे आनंद नगर के एसबीआई शाखा में गत दिनों आधा दर्जन लोग संक्रमित मिले थे। बैंक के पास मंदिर है और घनी आबादी होने से लोग संक्रमण को लेकर भय में है। लोगों ने नगर पालिका से मंदिर और मोहल्ले को सैनिटाइज कराने की मांग की है।