भदोही । गोपीगंज के डेरवां गांव के पास शनिवार की देर रात चचेरे देवर ने पड़ोस की भाभी पार्वती देवी (40) निवासी जगन्नाथपुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी जैकी उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को महिला की बेटी की शादी थी। इसमें सिर्फ रस्म अदायगी हुई।
जगन्नाथपुर गांव निवासी पार्वती देवी के पति अनिल कुमार की चार साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तीन बेटों और तीन बेटियों के भरण पोषण के लिए वह पड़ोस के देवर के साथ सूरत में रहकर एक कंपनी में काम करती थी। इस दौरान दोनों में नजदीकी बढ़ गई। कुछ महीने से दोनों में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इधर, पार्वती देवी ने बेटी अर्चना की शादी प्रयागराज में तय कर दी।
वह शनिवार की शाम ससुर ज्ञानचंद्र के साथ गोपीगंज बाजार में सामान खरीदने के लिए गई थी। वह देर रात करीब नौ बजे वह ऑटो से घर लौट रही थी। डेरवां गांव के मुंबा देवी मंदिर के पास पहुंची थी कि पहले से घात लगाए आरोपी देवर ने धारदार हथियार से महिला के गले पर वार कर दिया।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी गोपीगंज लेकर गई। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात पार्वती देवी की मौत हो गई।
पार्वती देवी की बेटी अर्चना की तहरीर के आधार पर पुलिस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी जैकी उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का अंतिम संस्कार के बाद बेटी की शादी रस्म निभाई गई। इस बारे में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।