तहसीलों में आए 336 मामलों में से मात्र 12 का निस्तारण त्वरित हो सका।
जिले की तीनों तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसीलों में आए 336 मामलों में से मात्र 12 का निस्तारण त्वरित हो सका। लंबित मामलों को संबंधित विभाग के अफसरों को दे दिया गया। डीएम ने एक सप्ताह के अंदर लंबित मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।कहा कि जिन समस्याओं का निस्तारण करें। उसकी सूचना फरियादी के मोबाइल पर दें।
जिलाधिकारी सुरेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को ज्ञानपुर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। डीएम ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्रत्येक दशा में समय सीमा के भीतर निस्तारित कराएं। ज्ञानपुर तहसील में आईं 158 शिकायतों में पांच का निस्तारण किया गया। डीएम नेे अधिकारियों से कहा कि वह प्रत्येक दिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने दफ्तर में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनें। जिन समस्याओं का निस्तारण करें। उसकी सूचना फरियादी के मोबाइल पर दें। इस मौके पर सीएमओ डॉ. डीके सोनकर, एसडीएम प्रवरशील बरनवाल, बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव, डीआईओएस संतोष कुमार मिश्र, पीडी टीपी मिश्र समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। औराई संवाददाता के अनुसार, तहसील में एसडीएम केशवनाथ की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। ग्रामीण इलाकों से आईं 96 शिकायतों में छह का निस्तारण किया गया। भदोही तहसील में एसडीएम रामजी लाल की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। 81 मामलों में मात्र एक का निस्तारण हो सका।