राज्यसभा सदस्य जया बच्चन की सांसद निधि से नगर स्थित फलाहे उम्मत गर्ल्स डिग्री कालेज में पुस्तकालय बनेगा। बीते दिनों भदोही आईं राज्यसभा सदस्य से डिग्री कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं के लिए पुस्तकालय बनवाने की मांग की थी। इस संबंध में राज्यसभा सदस्य ने जिलाधिकारी को स्वीकृति पत्र भेज दिया है।
डिग्री कॉलेज प्रबंधन के सदस्य हाजी अब्दुल रब अंसारी ने बताया कि भदोही को अपना नोडल जिला घोषित करने के बाद से राज्यसभा सांसद ने बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। अपने प्रथम भदोही आगमन पर वे डिग्री कॉलेज की छात्राओं से रूबरू हुई थीं, जिसमें छात्राओं ने उनसे एक अदद पुस्तकालय बनवाने की मांग की थी। बताया कि पुस्तकालय निर्माण के लिए उन्होंने अपनी निधि से 17.76 लाख रुपये जारी करने संबंधी पत्रक जिलाधिकारी को भेजा है। पत्र मेें उन्होंने कहा है कि कॉलेज प्रबंधन के मंशा के अनुरूप द्वितीय तल पर 177 वर्ग मीटर में पुस्तकालय का निर्माण सुनिश्चित कराएं। उधर पुस्तकालय निर्माण की संस्तुति होने से कालेज की छात्राओं में हर्ष व्याप्त है। प्रभारी प्राचार्या सफिया बेगम ने कहा कि हमें इस बात की खुशी है कि उन्होंने हमारी छात्राओं से जो वादा किया था उसे पूरा किया।