बृहस्पतिवार को दर्जन भर ट्रेनों को होम सिग्नल पर रोककर काशन के सहारे आगे बढ़ाया गया। शुक्रवार से इंटरसिटी और पैसेंजर का परिचालन शुरू हो जाएगा। ध्वस्त मेन और एक नंबर लाइन 26 दिसंबर तक सही हो जाएगा।
मोढ़ स्टेशन पर 21 दिसंबर को मालगाड़ी हादसे के बाद से ही प्रतापगढ़-वाराणसी रूट पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया था। लूपलाइन समेत दो अन्य लाइनें पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी।
बुधवार को एक लाइन सही होने के बाद मालगाड़ी को काशन के सहारे आगे बढ़ाकर ट्रायल किया गया। बुधवार की रात दो बजे गंगा-कावेरी एक्सप्रेस को उसी ट्रैक से गुजारा गया।
बृहस्पतिवार को दिन में अप और डाउन सारनाथ, अप पंजाब मेल, डाउन पंजाब मेल, डाउन गरीब रथ, अप और डाउन बुंदेलखंड एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को रवाना किया गया।
सभी ट्रेनों को होम सिग्नल पर रोककर काशन के सहारे आगे भेजा गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मेन लाइन और लूप लाइन को 26 दिसंबर तक सही कर दिया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक भदोही आरपी शुक्ला ने कहा कि विभागीय उच्चाधिकारी ट्रायल होने के बाद बुधवार की रात ही रवाना हो गए। ट्रेनों को होम सिग्नल पर रोककर आगे बढ़ाया जा रहा है। 26 दिसंबर तक सभी लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।