जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को डीएम विशाल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य जांच के लिए मोबाइल टीम भेजने और आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सभी सुविधाएं बेहतर करने का निर्देश दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति सौंपी। डीएम ने 15 जनवरी तक महाराजा बलवंत सिंह जिला चिकित्सालय में हेरिटेज हॉस्पिटल के साथ नई बिल्डिंग में चिकित्सकीय उपचार शुरू करने का निर्देश दिया। कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों को बेसिक जानकारी देते हुए उनका कार्य स्थल पर पोस्टिंग करें।
जननी सुरक्षा के तहत आधार लिंक खाता से न होने पर कुछ वनवासी बस्तियों, ईंट भट्ठों के मजदूरों के पास सुविधा नहीं मिल पा रही है। कैंप लगाकर इसे दुरुस्त कराया जाए। डीएम ने क्वालिटी एश्योंरेस कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लैब स्लैब और बेसिंग की उपलब्धता पर बल दिया।
स्वास्थ्य कर्मियों का भुगतान समय से करने, बायोमेडिकल वेस्टेज को सही तरीके से निस्तारित करने पर जोर दिया। सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि विभिन्न मदों में नियमानुसार पैसों का व्यय करें। संस्थागत प्रसव को बढ़ाएं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर बिजली, पानी, दवा की उपलब्धता शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो। इस मौके पर सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी आदि रहे।