Bhadohi News: मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को गौरा-सेमराध पीपा पुल का शुभांरभ किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि यह पुल विंध्य और सेमराध धाम को आपस में जोड़ेगा। इससे श्रद्धालुओं को काफी लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को काशी, प्रयाग और विंध्य क्षेत्र मध्य गौरा-सेमराध गंगा घाट पर बने पीपा पुल का विधि- विधान से पूजन करके उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गौरा-सेमराध पीपा पुल निर्माण होने से मिर्जापुर और भदोही जनपद के लोगों को काफी लाभ होगा। वहीं विंध्य व सेमराध धाम जैसे दो तीर्थ स्थल पर आपस में जुड़ सकेंगे। जिससे रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे।
विज्ञापन
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि गौरा-सेमराध गंगा घाट पर कई वर्षों से पीपा पुल की मांग थी, जिसे आज पूरा किया गया। पुल का निर्माण हो जाने से लोगों के अवागमन, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में भी बढ़ोत्तरी होगी। मिर्जापुर भाजपा के जिला मंत्री अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि सेमराध-गौरा गंगा घाट पर पीपा पुल का निर्माण हो जाने से दोनों जनपद के लोगो की वर्षो की मुराद पूरी हो गई।
मौनी अमावस्या के मौके पर मिर्जापुर जिले के कोठरा, परमानपुर, गौरा, दुगौली, श्रीनिवासधाम समेत दर्जनों गांवों के लोग सेमराध गंगा घाट पर स्नान और दर्शन पूजन के पहुंचेंगे। मौके पर अशोक कुमार शुक्ला, मुन्नी लाल मिश्रा, विजय शंकर पाण्डेय, रमेश चंद तिवारी, एक्सईएन अशोक कुमार, जेई सुशील कुमार, जेई मनोज कुमार, सहायक अभियंता महेंद्र कुमार सिंह आदि रहे।