ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को शुरू हुआ। इसमें पहले दिन 460 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार चौबे ने बताया कि 1500 अधिवक्ताओं में से 460 ने मतदान किया। शनिवार को भी मतदान होगा। मतदान सुबह मध्यस्थता सेंटर में बने तीन बूथों पर शुरू हुआ। शुरुआत में मतदान की गति थोड़ी धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, अधिवक्ताओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई। मतदान के लिए जिले के बाहर के कुछ प्रत्याशियों ने शुक्रवार सुबह से ही दीवानी न्यायालय परिसर में डेरा डाल दिया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे।