औराई के अमीरपट्टी सरकारी स्कूल में क्वारंटीन प्रवासी।
- फोटो : BHADOHI
सुरियावां/पाली। लॉकडाउन के बीच हॉटस्पॉट शहरों से घर लौट रहे प्रवासियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की हिदायत के बाद भी कोई होम क्वारंटीन नहीं हो रहा। परदेशी शाम को बाइक से जरूरी सामान खरीदने के लिए किराना, सब्जी से लेकर शराब की दुकानों पर पहुंच रहे हैं। इससे स्थिति गंभीर हो सकती है।
तीसरे चरण का लॉकडाउन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मुंबई, दिल्ली, सूरत, बड़ौदा और अहमदाबाद जैसे हॉटस्पॉट इलाकों से घर पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सक 14 दिनों तक होम क्वारंटीन में रहने का निर्देश दे रहे हैं, लेकिन गांवों में इसका पालन कोई नहीं कर रहा है। प्रधान से लेकर गठित समितियां भी बेबस नजर आ रही है। आलम यह है कि दूसरे शहरों से लौटे परदेशी शाम के समय बाजारों में खरीदारी के लिए पहुुंच जा रहे हैं। रमईपुर में एक ही परिवार के 16 कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद भी लोगों की तंद्रा नहीं टूट रही है। प्रवासियों से कोई रोक-टोक करता है तो वह मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
अभोली ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में बने कम्यूनिटी किचन सेंटर से प्रतिदिन खाना जरूरतमंदों को भेजा जा रहा है लेकिन मसुधी के प्रवासी दिलीप कुमार अभिषेक, सागर मिश्रा, राजेंद्र सरोज ने कहा कि उन्हें दो दिन से खाना नहीं मिल रहा। प्रभारी खंड विकास अधिकारी मनोज राय ने कहा कि मसुधी में 12 लोगों का खाना प्रतिदिन जा रहा है, उसे दिखवाएंगे।