ज्ञानपुर। लॉकडाउन में बुधवार को संभ्रांतजनों ने प्रवासियों से लेकर गरीब-असहाय परिवारों में लंच पैकेट, राशन, साबुन, मास्क आदि का वितरण किया। राजमार्ग पर कई-कई दिनों से वाहनों पर बैठकर आने वालों के लिए युवाओं की टोली नगर और बाजारों में डटी रहीं तो वहीं ग्रामीण अंचलों में लोग पकापकाया भोजन, सूखे राशन आदि लेकर पहुंचते देखे गए।
सुरियावां नगर से सटे छोटा तालाब शास्त्रीनगर में समाजसेवी विनय चौरसिया ने सहयोगियों के साथ दर्जनों की संख्या में वनवासी और अन्य जरूरतमंद परिवारों में मास्क, राशन वितरित किया। सुरियावां थाने की पुलिस भी वितरण में सहयोग करती रही। जगन्नाथपुर में पं. मधुसूदन तिवारी की ओर से दो दर्जन से अधिक गरीब परिवारों में राशन, मास्क का वितरण सोशल डिस्टेंस में कराया गया। इस मौके पर राजीव तिवारी, अतुल तिवारी, अमर तिवारी आदि रहे। गोपीगंज नगर में युवाओं ने महाराष्ट्र आदि क्षेत्रों से आ रहे लोगों को बोतल बंद पानी, बिस्किट के पैकेट देकर राहत पहुंचाई। गोपपुर में राजमार्ग पर पैदल जा रहे मजदूरों में कालीन कंपनी ओबीटी की ओर से लंच पैकेट, सैनिटाइजर, मास्क, साबुन, पानी की बोतलें बांटी गई।
इस मौके पर आलोक राय, संजय गोयल, अमित जिंदल, चंद्रशेखर आदि रहे। इसी तरह भाजपा के मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार ऊमर वैश्य मिंकू, महामंत्री अमित जायसवाल के सहयोग से दर्जन भर से अधिक परिवारों में नमो किट वितरित कराया। इस मौके पर कृष्ण कुमार खटाई नेता, राकेश कौशल, दीपक मोदनवाल आदि रहे। हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में विजय कुमार साहू की देखरेख में भोजन वितरण हुआ। सहयोग में रवि मोदनवाल ,बोधन हलवाई, नंदलाल जायसवाल, अनिल गुप्ता, छेदीलाल गुप्ता आदि रहे।
गोपीगंज। नगर पालिका प्रशासन के सुस्त पड़ने और नगर से होकर प्रवासियों का आवागमन अधिक होते देख व्यापार मंडल पूरे नगर क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। सप्ताह भर पूर्व से चल रहे छिड़काव का क्रम बुधवार को भी जारी रहा। नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने कहा कि देशव्यापी कोरोना संक्रमण को मात तभी दिया जा सकता है, जब हम सभी स्वच्छ रहेंगे। सहयोग में सिराज अख्तर, दिनेश कुमार आदि लोग मजदूरों के साथ लगे रहे।