लालानगर। गोपीगंज कोतवाली के पड़ाव क्षेत्र में सोमवार की रात मेडिकल स्टोर में आग लग गई। आग से मेडिकल स्टोर में रखी कीमती दवाएं जलकर नष्ट हो गईं। मंगलवार को सुबह स्टोर संचालक ने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञानपुर रेलवे स्टेशन रोड निवासी गोविंद सेठ ने बताया कि उनकी कोतवाली के समीप और जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज के सामने एक कटरे में मेडिकल स्टोर है। प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी शाम को स्टोर बंद कर घर चले गए। देर रात जानकारी मिली कि दुकान में आग लगी है। दौड़कर कटरे में पहुंचे तो तेज धुआं के साथ लपटें निकल रही थीं। शोरगुल मचाने पर आस-पास के लोग जुट गए। सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को देने पर पहुंचे जवानों ने काफी देर बाद आग पर काबू पाया। तब तक लगभग पांच लाख की दवाएं आग की भेंट चढ़ चुकी थीं। आरोप लगाया कि नशे में धुत्त अराजक तत्व जानबूझ कर आग लगाकर भाग निकले होंगे। कटरा में गेट न होने के कारण नशेड़ियों का जमघट राजमार्ग तक लगा रहता है। प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि अभी अराजक तत्वों की निशानदेही न होने पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका है।