मवेशियों को बचाने में पशुपालक गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित पशुपालक ने बिजली विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी।
कौलापुर निवासी मोखन यादव अपने घर के सामने एक मड़हा बनाए हैं। उसमें प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार की शाम तीन भैंस और एक पड़िया को खूंटे में बांध दिया।
रात में करीब 10 बजे मड़हे के समीप से गुजरे खंभे में शार्टसर्किट होने से चिंगारी मड़हे पर आ गिरी और आग लग गई। आग लगने के बाद शोरगुल मचाने पर घर के सदस्य बाहर निकले।
मड़हा धू-धूकर जलने लगा था। आग की लपटों में फंसकर तीन भैंस मर गई। पड़िया को बाहर निकालने के चक्कर में पशुपालक मोखन यादव गंभीर रुप से झूलस गए।
तीनो मवेशियों की कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जाती है। पीड़ित पशुपालक मोखन यादव ने गोपीगंज थाने में विद्युत विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
बताया जाता है की मोखन यादव निहायत गरीब है, इन्ही मवेशियों का दूध बेच कर अपने घर का खर्चा चलाता है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन ने मुआवजा दिलाने की मांग की।