फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: राखी से गुलजार रहा बाजार, मिठाइयों की खुशबू ने बढ़ाई रौनक

विज्ञापन
रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर संकट मोचन मार्ग पर सजी मिठाई की दुकान, स्रोत संवाद
विज्ञापन
भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षा बंधन आते ही बाजारों की रौनक बढ़ गई। पर्व की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। रंग-बिरंगी राखियों से सजे बाजार और मिठाइयों की दुकानों पर लगी भीड़ ने त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दीं। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल रही।
विज्ञापन

नगर के वासलीगंज, बसही, घंटाघर, तिरमुहानी, लालडिग्गी, रामबाग और तेलियागंज बाजार में राखी की दुकानों पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ रही। बहनों ने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए चमकीली, डिजाइनर और रेशम वाली राखियों की खरीदारी की। बच्चों के लिए कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी खूब पसंद की गईं। दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों पर राखियों की कई वैरायटी सजा रखी थी।




चीनी महंगी, फिर भी रक्षाबंधन की मिठास नहीं हुई फीकी

चीनी के बढ़े दाम से मिठाई की लागत भी बढ़ गई। पांच से दस रुपये तक महंगी हुईं मिठाइयों पर महंगाई का असर जरूर दिखा, लेकिन भाई-बहन के पवित्र प्रेम के पर्व पर लोगों का उत्साह फीका नहीं पड़ा। बाजार में चीनी के दाम बढ़ने से मिठाई बनाने की लागत बढ़ी है। पिछले साल की तुलना में मिठाइयों के दाम में करीब पांच से दस रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद मिठाई की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
विज्ञापन

दुकानदारों के मुताबिक चीनी समेत अन्य सामग्री के दाम बढ़ने से मिठाई की लागत में इजाफा हुआ है। चीनी के बढ़े भाव का असर मिठाइयों की कीमतों पर भी पड़ा है। हालांकि पर्व को देखते हुए लोगों ने कीमत की परवाह किए बगैर अपनी जरूरत के अनुसार मिठाइयां खरीदीं। दुकानों पर सुबह से लेकर देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
हलिया, चुनार, लालगंज, अहरौरा, अदलहाट, कछवां, राजगढ़, ड्रमंडगंज, मड़िहान, जिगना, गैपुरा और सरैया समेत ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में भी रक्षा बंधन की खूब रौनक रही। राखी के साथ मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ नजर आई। महंगाई के बावजूद लोग मिठाई खरीदते दिखे। पर्व की खुशियों के आगे चीनी की महंगाई फीकी नजर आई।



मिठाई प्रति किलोग्राम


गुलाब जामुन 280


छेना 360


कच्ची बर्फी 410


मोतीचूर लड्डू 200


बेसन लड्डू 270


काला जाम 300


000000


राखी बांधने के लिए सवा तीन घंटे का शुभ मुहूर्त, जानें सही समय


- रक्षाबंधन आज, सुबह 5:57 से 9:19 बजे तक भाई की कलाई पर बहनें बांधें रक्षा सूत्र

संवाद न्यूज एजेंसी

अदलहाट। भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षा बंधन इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करेंगी। वहीं भाई बहनों की जीवनभर रक्षा करने का संकल्प लेंगे।

आचार्य पंडित चंद्र मौली त्रिपाठी के अनुसार इस बार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 8:32 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:19 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि में पूर्णिमा होने के कारण 28 अगस्त को सुबह 5:57 बजे से 9:19 बजे तक राखी बांधना श्रेष्ठ रहेगा। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर धागा बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार द्रौपदी ने भगवान श्रीकृष्ण की उंगली से रक्त निकलने पर अपनी साड़ी का आंचल फाड़कर बांधा था। इसके बाद श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की हर संकट से रक्षा करने का वचन दिया। एक अन्य मान्यता के अनुसार माता लक्ष्मी द्वारा राजा बलि को राखी बांधकर भगवान विष्णु को वापस मांगने और देवासुर संग्राम में इंद्राणी द्वारा इंद्र की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का उल्लेख मिलता है। इसी भावना के साथ श्रावण पूर्णिमा पर रक्षा बंधन मनाने की परंपरा चली आ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें