ज्ञानपुर। जिले के धान क्रय केंद्रों पर व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर बोरे की भरपाई विपणन विभाग ने नहीं कराया तो कांग्रेसजन सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।
कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राजेश दुबे ने कहा कि एक नवंबर से विपणन विभाग सहयोगी संस्थाओं के साथ 46 केंद्रों पर धान की खरीदारी कराई जा रही है। लगभग एक लाख नए बोरे की उपलब्धता बताने की हकीकत यह है कि किसान अपने निजी खर्च पर बोरियां खरीद कर धान को केंद्रों तक पहुंचा रहे हैं। केंद्र पर विभागीय स्तर से मिलने वाली प्रति क्विंटल 30 रुपये पल्लेदारी भी देने के लिए किसान ही विवश होते हैं। केंद्रों पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी बड़े काश्तकारों को महत्व देकर छोटे काश्तकारों की उपेक्षा करने में कमी नहीं छोड़ा है। छोटे किसान दो सप्ताह से लाइन लगाकर खड़े रहते हैं जिनकी तौल कराने के लिए दौड़ाया जाता है। खरीदारी का समय समाप्त होने पर बिचौलियों के रूप में आने वाले व्यापारियों के धान की तौल सुविधा शुल्क लेकर कराने में देर नहीं लगता। बारिश के समय किसानों के उत्पाद को बचाने में लापरवाही सामने आई है। नमी और खराब धान न लेने का बहाना बनाकर किसानों का शोषण, भ्रष्टाचार, बोरियों कमी के मामले में सख्ती नहीं दिखाई गई तो आगे की रणनीति बनाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।