करीब एक पखवारे पूर्व माधोसिंह रेलवे के पश्चिमी फाटक के समीप आम लदे ट्रक लूटने का बृहस्पतिवार को खुलासा हो गया। घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चालान कर दिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि ट्रक मालिक अशोक कुशवाहा निवासी बलहा सेमरिया रीवा मध्य प्रदेश ने 28 मई को औराई कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चालक ट्रक पर आम लादकर पहड़िया मंडी वाराणसी जा रहा था। औराई क्षेत्र में कुछ लोगों ने चालक को मारपीट कर कछवा कपसेठी मार्ग पर उतार दिया और ट्रक को माल सहित लूट ले गए । पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच और औराई थाने की पुलिस हर बिंदु पर काम कर रही थीं। बुधवार की रात 11 बजे बाबूसराय के समीप आरोपी प्रयागराज के मांडा नहवई निवासी अखिलेश गिरी, मांडा प्रयागराज के बामपुर निवासी ऋषभ तिवारी, मिर्जापुर के बसेवरा खैरा निवासी राजा उर्फ अभिनव मिश्रा, मिर्जापुर के चेहरा निवासी श्याम सूरत, राहुल सरोज और वाराणसी के चितईपुर निवासी महादेव गिरी को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर ट्रक को भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अखिलेश गिरी की बहन की शादी ऊंज से सटे अतरौरा में हुई है। वहीं पर महादेव गिरी के बहन की भी शादी हुई है। दोनों ने 15 दिन पहले योजना बनाई कि कोई ट्रक लेकर आओ उसका कटिंग करा देंगे और अच्छा पैसा मिल जाएगा। इसी प्लानिंग में सभी शामिल हुए। 28 मई को माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग पर मजदूरों को वाराणसी भेजने की बात कह कर ड्राइवर को बरगलाया और उसमें बैठ गए। जब ट्रक कछवां से कपसेठी मार्ग की ओर बढ़ा तो बीच रास्ते में ट्रक चालक को मारा पीटा और उसका हाथ पैर बांधकर सड़क से कुछ दूर ले जाकर छोड़ दिया और आम लदे ट्रक को लेकर चले गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इस मौके पर एएसपी राजेश भारती आदि रहे।