ज्ञानपुर। पूर्वोत्तर मुख्यालय के गोरखपुर और वाराणसी रेल मंडल प्रशासन ने जंघई-वाराणसी, मंडुआडीह-प्रयागराज रूट पर दीपावली पर्व, पूजा स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। सीपीआरओ पंकज सिंह ने बताया कि 12 से 26 नवंबर तक ट्रेन संख्या 01079/01080 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर प्रतिदिन चलेगी।
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 04462/04461 आनंद विहार टर्मिनस-दरभंगा-आनंद विहार, 04184 ग्वालियर-सहरसा, 04156 कानपुर सेंट्रल-दरभंगा, 04118 प्रयागराज-बेतिया पूजा ट्रेन भी चलेंगी, जो अपने निर्धारित छोटे-बड़े स्टेशनों पर ठहराव लेकर आगे बढ़ेंगी। उक्त पूजा स्पेशल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आरपीएफ की मेरी सहेल टीम कोच का भ्रमण कर विशेष नजर रखेंगी। इसी क्रम में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय वाराणसी में तैनात स्टेशन प्रभारी वीके चौबे ने बताया कि परिवहन निगम की ओर से चलाई जा रही रोडवेज बसों का फेरा बढ़ाया गया है और अनुबंध पर चल रही 20 बसें पूर्व की तरह प्रतिदिन वाराणसी-प्रयागराज तक दौड़ाई जा रही हैं। चालकों-परिचालकों को प्रमुख बाजार, नगर के साथ ही फेयर स्टाप पर सवारियां लेकर आगे बढ़ना है।