कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर उपरवार गांव में युवक की हत्या के प्रयास में वांछित सुजीत पांडेय को पुलिस ने शनिवार को ज्ञानपुर रोड स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया। शुक्रवार को गोपालपुर उपरवार गांव निवासी प्रभाशंकर दुबे (45) ने तहरीर में आरोप लगाया कि वह रात में अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव के दो युवक और उनके ससुराल पक्ष के दो लोग वहां पहुंचे। चारों ने उन्हें जबरन उठाकर पास स्थित गोशाला में ले गए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि हमलावरों ने गले में रस्सी बांधकर कस दिया, हाथ-पैर बांध दिया और मुंह में प्लास्टिक की पन्नी ठूंस दी। इसके बाद उन्हें मृत समझकर भाग गए।
शुक्रवार को पुलिस ने मामले में सुजीत पांडेय, विकास मिश्रा, गुड्डू मिश्रा समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया। शनिवार को वांछित सुजीत पांडेय निवासी इनारगांव को पुलिस ने ज्ञानपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शेष तीन अन्य की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीम गठित की है।