दुर्गागंज। थानाक्षेत्र के गौरा गांव के समीप सोमवार को दोपहर 12 बजे बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने शव को भदोही- दुर्गागंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। चालक और खलासी की पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम और सीओ के समझाने पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
श्रीपुर गांव निवासी लालनाथ मिश्र (32) पुत्र स्व. रामजीत सोमवार को सुबह 11 बजे अपनी मां के लिए फल लाने बाइक लेकर निकला। फल लेकर लौटते समय जैसे ही गौरा गांव के समीप पहुंचा उसी दौरान विपरित दिशा से आ रही बस यूपी-66 ई 9191 ने टक्कर मार दिया। इससे वह बाइक समेत वह बस के अगले हिस्से में फंस गया। करीब 200 मीटर तक घसीटने के बाद चालक ने बस रोका। सिर में गंभीर चोट लगने से लालनाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही गौरा और श्रीपुर के सैकड़ो लोग मौके पर पहुंच गए। नाराज लोगों ने शव को मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। खबर लगने पर एसओ नरेंद्र कुमार गौतम फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जाता है कि लालनाथ परिवार के साथ मुंबई रहता था। आटो चलाकर जीवकोपार्जन करता था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।