मुख्यालय की पानी टंकी पर चढ़ा युवक। स्रोत जागरूक पाठक
जिला मुख्यालय सरपतहाँ स्थित पानी की टंकी पर बुधवार को दोपहर बाद एक युवक चढ़ गया। गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके पिता के कागजातों को जमानत के लिए बिना अनुमति के कोर्ट में लगा लेने के आरोप को लेकर वह डीएम और एसपी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। समझाने बुझाने के बाद रात साढ़े आठ बजे करीब पांच घंटे बाद वह टंकी से नीचे उतर गया।
भदोही कोतवाली क्षेत्र के नगुआ गांव निवासी सुनील यादव जिला मुख्यालय स्थित पानी की टंकी पर करीब साढ़े तीन बजे दोपहर में चढ़ गया। जब लोगों की उस पर नजर पड़ी तो वहां एकत्रित हो गए। उसका कहना था कि उसके पिता सूबेदार यादव के नाम का कागजात गांव के ही एक व्यक्ति ने बिना सहमति के कोर्ट में लगा कर जमानत ले लिया। उसको जानकारी नोटिस आने के बाद हुई। पुलिस से कई बार शिकायत किया, लेकिन सुनवाई ना होने पर वह टंकी पर चढ़ गया। उधर, देर रात तक वह टंकी से नीचे नहीं उतरा था। युवक डीएम और एसपी को बुलाने की जिद पर अडिग था। रात करीब साढ़े आठ बजे काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे उसे नीचे उतारा गया है और उसकी समस्या का भी समाधान किया गया है।