चौरी। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए चार्ट बनाएं। नकारात्मक चीजों को त्याग कर अपने बनाएं नियमों का कड़ाई से पालन करें। इससे तनाव नहीं आएगी। यह बात चौरी के गौरव गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन के स्वास्थ्य शिविर के दौरान बोर्ड परीक्षार्थियों के काउंसिलिंग शिविर में महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के नैदानिक मनोचिकित्सक डॉ. अशोक पराशर ने कहीं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का तनाव सामान्य बात है लेकिन यहीं तनाव बढ़ने पर तैयारी प्रभावित होती है। इस तरह के तनाव से बेहतर प्रबंधन के जरिए निजात पाई जा सकती है। तैयारी के समय का प्रबंधन के साथ-साथ स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। भरपूर नींद, संतुलित आहार, नियमित योग अभ्यास से सब कुछ व्यवस्थित किया जा सकता है.
मनोचिकित्सक डॉ. शांति ने कहा कि तनाव कम करने के लिए माता-पिता और गुरुजनों से अपनी समस्या साझा करना चाहिए। पढ़ाई का दबाव महसूस करने के बजाय रणनीति बनाकर काम करना चाहिए। इससे तनाव नहीं होगा। मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ की टीम ने मनपरियों का चुनाव किया और उन्हें पुरस्कृत करते हुए कक्षा में अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित करने की सलाह दी। मौके पर प्रबंधक जयप्रकाश दूबे, प्रधानाचार्य मीना दूबे, हरिप्रसाद वर्मा, राहुल कुमार, सुनील पटेल, दीपक सोनकर, रोहित प्रजापति, लालजी गुप्ता, सीमा पांडेय, वर्तिका यादव व गुंजा मौर्या सहित छात्राएं मौजूद रहीं।
-