मकर संक्राति मनाने की तैयारियां पूर्ण हो गई है। पर्व को मनाने के लिए नगर से लेकर देहात तक के लोगों ने मंगलवार को बाजार में तिल, चूड़ा, लाई, गुड़ इत्यादि सामानों की खरीदारी की।
बच्चों ने पतंग आदि खरीदकर घरों में रख लिया। बुधवार को दिन भर आसमान में भक्काटे की आवाज गूंजेगी। मकर संक्राति को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रही तैयारी शबाब पर रही।
ज्ञानपुर नगर, गोपीगंज, औराई, भदोही, जंगीगंज, सुरियावां समेत अन्य बाजारों में लाई-चूड़ा, गट्ठा पतंग की लोगों ने खरीदारी की।
आचार्य कृपाशंकर दूबे ने बताया कि संक्रांति का पूर्ण योग गुरुवार को बन रहा है, बुधवार की रात एक बजकर बीस मिनट पर संक्रांति शुरू हो जाएगी।
सुबह स्नान आदि करने के बाद लोग खिचड़ी खाकर पर्व मनाएंगे। उसके बाद दिन भर घरों पर बैठकर लोग लाई-चूड़ा सहित अन्य व्यंजनों का आनंद उठाएंगे।
युवा पतंग उड़ाने और काटने में लगे हुए हैं। पिछले साल की तरह संक्रांति को लेकर इस बार भी लोगों में भ्रम है। कहीं तारीख के हिसाब से 14 जनवरी को मनाने की तैयारी चल रही है तो कहीं पंचांग को देखते हुए 15 जनवरी को मनाया जाएगा।