चौरी। इंस्टाग्राम पर संपर्क होने के बाद शादी के एक दिन पहले ही युवती प्रेमी के साथ भाग गई। दोनों पक्षों की सहमति पर युवती की छोटी बहन से शादी कराई गई।
चौरी के एक गांव में युवती की बुधवार को शादी थी। मंगलवार को हल्दी की रस्म होने के बाद ही वह लापता हो गई। लड़की और लड़के पक्ष के लोग सारी तैयारियां पूरी कर चुके थे। इससे परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। आनन-फानन में दोनों पक्षों के बीच यह तय हुआ कि युवती की छोटी बहन से शादी की रस्म पूरी कराई जाए। इस पर दोनों पक्ष के लोग राजी हो गए। इसके बाद बुधवार को किसी तरह से शादी संपन्न कर दी गई। युवती का इंस्टाग्राम के माध्यम से किसी युवक से प्रेम संबंध हो गया। उसी के साथ वह शादी करना चाहती थी। जिस बात की जानकारी परिजनों को भी थी, लेकिन वे इस बात को नजरअंदाज कर दिए। परिजनों ने थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने बताया कि मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।