ज्ञानपुर। अंतराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अमले ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिले में सात स्थानों पर 21 जून को होने वाले योग कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर रखने के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज का डीएम विशाख जी ने निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को योग दिवस के दिन पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
डीएम विशाख जी ने कहा कि 21 जून को योगास्थल शिविर जिलामुख्यालय, विभूति नारायण राजकीय इं का ज्ञानपुर, राजकीय नेशनल इंका भदोही, कालीका नगर इंका डीघ, जूनियर/प्राईमरी पाठशाला अभोली , विकास खंड औराई , विकास खंड सुरियावां में आयोजित किया जाएगा। सभी स्थानों पर फार्मासिस्ट, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाएं सुनिश्चित की जाए। डीएम ने योग के महत्व को बताते हुए कहा कि स्वच्छ तन में स्वच्छ मन का निवास होता है, स्वच्छ तन के लिए योगा अभ्यास जरूरी है। डीएम ने लोगों से आग्रह किया कि योगा दिवस के दिन अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर योगाअढभ्यास करे, जिससे शरीर स्वस्थ्य एवं निरोग रहे। डीएम ने नेशनल इंटर कॉलेज में नोडल अधिकारी सीडीओ, जीआईसी में अपर जिलाधिकारी, औराई ब्लॉक पर एडीएम न्यायिक कालिकानगर इंटर कॉलेज में परियोजना निदेशक, ब्लॉक सुरियावां में डीडीओ, जूनियर/प्राईमरी पाठशाला अभोली में नोडल अधिकारी डीसी मनरेगा को बनाया गया है।