ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार सुबह टिड्डी दल ने हमला बोल दिया। जौनपुर और प्रयागराज सीमा से चला टिड्डियों का दल जिले के कई गांवों के सिवान में पहुंचकर फसलें चट करने लगा। किसानों ने थाली बजाकर और शोरगुल मचाकर उन्हें भगाया। कृषि विभाग ने अलर्ट होने का दावा किया। कहा कि बुधवार को दोपहर बाद से ही 1500 किसानों और 58 तकनीकी सहायकों की टीम विभिन्न क्षेत्रों में अलर्ट रही।
टिड्डी दल पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई प्रांतों में फसलों का नुकसान करते हुए 15 दिन पूर्व प्रयागराज की सीमा पर पहुंच गया, लेकिन पुरवाई हवा चलने से यह दल एमपी की ओर चला गया। बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे प्रयागराज की सीमा से टिड्डी दल ने जिले में प्रवेश किया। सुभाषनगर, अईनछ, मोढ़, सुरियावां, पुरानी मोढ़, गड़ेरियापुर, चककलूटी, सरपतहां, भदोही होते हुए दोपहर तीन बजे तक जौनपुर की सीमा में चले गए। इस दौरान जिस क्षेत्र से टिड्डी दल गुजरता किसानों के होश उड़ जाते।
बड़ी संख्या में टिड्डी दल को देखकर किसान अपने-अपने खेतों में पहुंच गए। सभी थाली, टीन आदि बजाकर उन्हें हटाया। कृषि विभाग की टीम ने सुरियावां, घरांव आदि क्षेत्रों में केमिकल का छिड़काव कराया, जिससे बड़ी संख्या में टिड्डियां मर गईं। कृषि विभाग की माने तो टिड्डी दल पाकिस्तान से आया था। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को जिले के कोनिया क्षेत्र में टिड्डी दल आने की खबर सुनकर मौके पर गया, लेकिन ऐसा वहां दिखा नहीं। बृहस्पतिवार को टिड्डी दल जिले में आया। इसको लेकर विभाग पहले से ही अलर्ट पर था। 1500 किसानों और 58 तकनीकी सहायकों की टीम सभी क्षेत्रों में तैयार रखा गया था। उन्होंने कहा कि अभी मक्का की फसल में दाने नहीं आए हैं। जिले में टिड्डी दल के हमले से कुछ नुकसान नहीं हुआ। हालांकि रिपोर्ट मंगाई गई है। कुछ किसानों की सब्जी खेती की है, वह पहले से ही अलर्ट पर रहे। उन्होंने कहा कि सात अग्निशमन विभाग के वाहन लिए गए हैं, जबकि 47 हजार किसानों को जागरूक किया गया।
- टिड्डी दल हवा के बहाव की दिशा में आगे बढ़ते हैं। किसानों की सतर्कता से जिले में आए टिड्डी दल अपने इरादों में कामयाब नहीं हो सके। टीन और थाली बजाकर उन्हें भगा दिया गया।
गौरव सिंह- कृषि विशेषज्ञ
- अभी फसल तैयार नहीं है। जिससे टिड्डी दल के हमले से अधिक नुकसान नहीं हुआ। आसमान में उनकी संख्या देख तो डर लगा, लेकिन शोरगुल मचाकर उन्हें भगा दिया गया।- सुनील यादव, किसान
डीएम ने गठित की टीम, गाइडलाइन जारी
ज्ञानपुर। जिले में टिड्डी दल के हमले को लेकर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने टीम गठित कर आठ सूत्री गाइडलाइन जारी की। उन्होंने आपदा राहत दल का गठन किया। सीडीओ को अध्यक्ष, उप निदेशक कृषि, कृषि अधिकारी और जिला कृषि रक्षा अधिकारी को सदस्य नामित किया। सभी उप जिलाधिकारी, बीडीओ, लेखपाल, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान को सतर्क रहने के लिए निर्देश दिया। नगर पालिका और नगर पंचायत में पानी से भरे टैंकर, ट्रैक्टर तैयार रखने के लिए कहा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी को अपने स्तर से क्लोरोपायरीफास समेत अन्य रसायन को जरूरी मात्रा में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। दमकल विभाग को भी 24 घंटे अलर्ट रहने के लिए कहा।