ज्ञानपुर (भदोही)। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए भेजे गए प्रवासियों के स्वैब सैंपल में से 135 की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है। भदोही के शेल्टर होम में बिहार के एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न शेल्टर होम में रखे गए कुल 358 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे। इनमें से 223 की रिपोर्ट मिल चुकी है। राहत की बात यह है कि एक को छोड़ दें तो 222 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बिहार के एक युवक के कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के बाद भी भदोही जिले के ग्रीन जोन में होने के बावजूद सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य महकमे से लेकर जिला प्रशासन तक कोरोना संक्रमण की स्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। भदोही के शेल्टर होम में बिहार के एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 358 लोगों के स्वैब जांच के लिए बीएचयू भेजे थे। उनमें से 223 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। उसमें एक पॉजिटिव और 222 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि अब भी 135 लोगों की रिपोर्ट इंतजार है। यह रिपोर्ट आने के बाद कोरोना संक्रमण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। दिल्ली में काम करने वाला बिहार के कटिहार का रहने वाला युवक कानपुर से पैदल घर जाते समय भदोही जिले की सीमा में 31 मार्च को पकड़ा गया था। उसके साथ लगभग तीन दर्जन श्रमिक और भी थे। उसके पॉजिटिव मिलने के बाद उसके साथ श्रमिकों में संक्रमण की आशंका बढ़ गई थी, लेकिन अभी पूरी रिपोर्ट न आने के कारण इस पर संदेह का पर्दा पड़ा हुआ है।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि 135 लोगों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। बीएचयू से जांच रिपोर्ट किस्तों में आ रही है। पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही विभाग संक्रमण के खतरे को लेकर आश्वस्त हो पाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से जांच के लिए सैंपल लगातार भेजे भी जा रहे हैं।
-