फोटो: 14,15,16
जिले में 39,860 किसान केसीसी धारक, कर्ज जमा नहीं करने पर 9,322 किसान डिफाल्टर
केसीसी से ऋण लेने के बाद भुगतान नहीं करने से लगातार बढ़ रहा किसानों पर कर्ज
धर्मेंद्र पाल/एके चौबे
ज्ञानपुर। खेती ही किसानों की जिंदगी का आधार भी है। किसानों ने कर्ज लेने के लिए अपनी इसी जमापूंजी यानी खेती की जमीन को बंधक बनाया। लेकिन कर्ज की अदायगी नहीं होने से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिले में 39 हजार से अधिक किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) पर ऋण लिया है। इनमें 9,322 किसान ऐसे हैं, जो कर्ज तो ले चुके हैं, लेकिन उसका भुगतान नहीं किए हैं। तय समय पर ऋण की रकम अदा नहीं करने से ब्याज लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए बैंकों ने ऐसे किसानों को डिफाल्टर घोषित कर दिया है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। इनमें किसान क्रेडिट कार्ड भी शामिल है। इसके माध्यम से किसान ऋण लेकर खेती करते हैं। फसल तैयार होने पर कम ब्याज दर पर लिए गए ऋण को जमा करना होता है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
जिले में 39860 किसानों ने बैंकों से केसीसी लिया है। इनमें से 26733 किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड का नवीनीकरण कराया, जबकि 13127 ने नए आवेदन किए। बैंकर्स केसीसी का लाभ देने के लिए किसान की जमीन बंधक कराते हैं। इसके बाद चार प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण देते हैं। एक फसल की मियाद पूरी होने पर किसान को ऋण की अदायगी करनी पड़ती है। यदि समय से कर्ज की रकम अदा नहीं होती है तो बैंकर्स 12 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूलना शुरू कर देते हैं। यहीं से किसानों की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो जाती हैं।
22,170 किसानों का कर्ज हुआ था माफ
2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ। किसानों की कर्जमाफी का एलान कर सत्ता में आई भाजपा ने पहले ही साल ऋणमाफी योजना लागू की। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से विभिन्न बैंकों से ऋण लेने वाले 22170 किसानों का ऋण माफ किया था। सरकार की इस योजना में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक शामिल नहीं थे। संवाद
एक नजर में किसान एवं केसीसी
विवरण
संख्या
जिले में किसानों की संख्या
2.35 लाख
सम्मान निधि लेने वाले किसान
1.91 लाख
केसीसी पर कर्ज लेने वाले
39,860
नवीनीकरण कराने वाले किसान 26,733
नए आवेदन करने वाले 13,127
डिफाल्टर किसान
9,322
क्या बोले किसान
2022 में यूबीआई कुरमैचा से केसीसी के माध्यम से 50 हजार रुपये का ऋण लिया था। पैदावार अच्छी नहीं होने के कारण ऋण जमा नहीं कर सका। इससे अब बकाया राशि 90 हजार रुपये से अधिक हो गई है। जून में बैंक वाले आए थे। समय से भुगतान नहीं होने के कारण 12 प्रतिशत ब्याज लग रहा है। - लक्ष्मीरमण सिंह, दरवांसी
खेत का रकबा कम होने के कारण 2021 में यूबीआई कलापुर से सिर्फ 25 हजार रुपये का ऋण लिया था। समय से भुगतान नहीं कर सका। इससे अब यह राशि बढ़कर 65 हजार रुपये हो गई है। बैंक की तरफ से ऋण जमा करने के लिए कहा जा रहा है। - लालमनि गौतम, कलापुर
किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण लेने वाले किसानों के साथ समन्वय बनाया जाता है। डिफाल्टर किसानों के मामलों का लोक अदालत में सेटलमेंट किया जाता है। जिले में 39,860 किसानों ने केसीसी लिया है। इनमें करीब नौ हजार डिफाल्टर हैं। - अमित गुप्ता, एलडीएम, यूबीआई