सुरियावां। कालीन नगरी में अब ऑक्सीजन की कमी से मरीज की जान नहीं जाएगी। रविवार को सीएचसी सुरियावां में करीब 80 लाख की लागत से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का सांसद रमेश चंद्र बिंद, विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्र समेत अन्य अफसरों ने लोकार्पण किया। इससे 250 लीटर ऑक्सीजन प्रति मिनट बनेगा। 10 अगस्त तक अन्य चार ऑक्सीजन प्लांट भी शुरू हो जाएंगे।
कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित होने वाले बड़ी तादाद में मरीजों की ऑक्सीजन के अभाव में जान चली गई। इसको देखते हुए शासन और विभिन्न संगठनों की ओर से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए पहल की गई। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पूर्व जिले में चार ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसमें एक पीएम केयर फंड, एक सांसद-विधायक निधि, एक कालीन निर्यातक और एक शुगर मिल की ओर से स्थापित किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में कालीन निर्यातकों, आयातकों के फंड से बनने वाला प्लांट तैयार हो गया। रविवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्लांट का लोकार्पण किया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि निर्यातकों के सहयोग से स्थापित प्लांट का शुभारंभ किया गया। इससे प्रति मिनट 250 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। इससे सीएचसी में भर्ती होने वाले मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। बताया कि माह के अंत तक औराई सीएचसी और ज्ञानपुर जिला अस्पताल का प्लांट, जबकि 10 अगस्त तक एमबीएस में प्लांट शुरू हो जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि सीएचसी में 30 बेड तक ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था है। मशीन खराब होने पर आठ ऑक्सीजन सिलिंडर भरे रहेंगे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, एसपी रामबदन सिंह, सीडीओ भानु प्रताप सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी पाठक आदि मौजूद रहे।