गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के घूरीपुर गांव में शनिवार की शाम निर्माणाधीन मकान में काम करते समय गिरने से राजेश कुमार गौतम (34) निवासी थानीपुर उत्तरान गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी गोपीगंज पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली के इब्राहिमपुर गांव निवासी दयाशंकर यादव का घूरीपुर में मकान बन रहा है। मकान का काम पूरा होने के बाद प्लास्टर चल रहा था। शनिवार की शाम काम में लगे मजदूर राजेश कुमार गौतम मकान के बाहरी हिस्से का प्लास्तर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम करने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और करीब 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों की मदद से उन्हें सीएचसी गोपीगंज पहुंचाया गया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने बताया कि हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।