ज्ञानपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को खाद्य एवं रसद विभाग और उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने संयुक्त रूप से डेढ़ सौ कोटेदारों को ई-पॉश मशीन से विद्युत बिल जमा कराने का प्रशिक्षण दिया। एक्सईएन ज्ञानपुर एमके सिंह ने बताया कि जिले में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर लगभग 40 करोड़ रुपये बकाया के रूप में वर्षों से चला आ रहा है। विभागीय स्तर पर जांच अभियान, शिविर, एकमुश्त समाधान योजना चलाने के बावजूद अब तक बमुश्किल चार करोड़ रुपये की वसूली की जा सकी है, जो वसूली लक्ष्य से काफी कम है।
शासन के निर्देश पर विभाग खाद्य एवं रसद, जनसेवा केंद्र, स्वयं सहायता समूहों से वसूली का लक्ष्य पूरा कराने प्रयास किया जा रहा है। ई-पॉश मशीन तकनीशियन अनूप कुमार, विकास ने कोटेदारों को मशीन चलाने की विधि समझाया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शिवनारायण, आपूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने कहा कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाले 744 कोटे की दुकानों से प्रतिमाह राशन का लाभ उठाकर कनेक्शनधारक अपने बकाए बिलों को आसानी से जमा कर सकेंगे। कोटेदार ई-पॉश मशीन से 500 रुपये का बिल जमा करते हैं तो उन्हें कमीशन के रूप में 17 रुपये, पांच सौ से अधिक की धनराश जमा करने पर एक फीसद कमीशन का लाभ अतिरिक्त आय का स्रोत साबित होगा। साथ ही कोटेदारों के बेरोजगार परिवारों की व्यस्तता से विद्युत विभाग का भार कम हो जाएगा। इस मौके पर केके गुप्ता, एसडीओ अवधेश पाल, सुरेंद्र दुबे, हरिओम सिंह, राकेश पांडेय, अश्वनी कुमार, जितेंद्र पांडेय, जयशंकर, अयोध्या प्रसाद आदि रहे।