मोढ़। दो जिलों को जोड़ने वाले मोढ़-करियावं मार्ग की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने बरमोहनी गांव में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उक्त मार्ग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि मोढ़ चौराहा से बरमोहनी, बसपरा, देईपुर, रमयनपुर समेत दर्जन भर से अधिक गांव से होकर करियावं बाजार सड़क जाती है। उसके बाद जौनपुर के आलमगंज से सड़क जुड़ती है। करीब पांच किमी सड़क सपा सरकार में बनी थी, लेकिन उसके बाद न तो विभाग ने सुधि ली और न जनप्रतिनिधियों ने। जिससे सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डामरीकरण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर सरकारी बजट को ठेकेदार हजम कर लेते हैं। ग्राम प्रधान राजपति सरोज ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क मरम्मत की मांग की। प्रदर्शन में जयनाथ यादव, बबलू गुप्ता, बबऊ गुप्ता आदि रहे।