केएनपीजी कॉलेज में हंगामा, लाठीचार्ज
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को अव्यवस्था का आरोप लगाकर छात्रों ने हंगामा किया। पुलिस पर पथराव भी किया गया। इससे गुस्साई पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो छात्रों में भगदड़ मच गई और चार घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष समेत चार को हिरासत में ले लिया।
छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शुक्ला के नेतृत्व में कुछ छात्रों ने केनएन पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि प्राध्यापक समय पर कॉलेज नहीं आते। आते भी हैं तो कक्षाओं में नहीं जाते। छात्रों ने कॉलेज का मुख्य द्वार बंद कर शिक्षकों को अंदर आने से रोक दिया। कक्षाओं में पढ़ा रहे प्राध्यापकों को बाहर कर दिया। कॉलेज प्रशासन से सूचना मिलने पर ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस पहुंची और गेट खोलवाने का प्रयास करने लगी।
इसी बीच किसी ने पुलिस पर पत्थर फेंक दिया। ईंट का एक टुकड़ा कोतवाल को लगा। तब पुलिस दूसरे गेट से अंदर गई और लाठीचार्ज कर दिया। तकरीबन आधे घंटे तक पुलिस-छात्रों में संघर्ष हुआ। छात्र चहारदीवारी फांदकर भागने लगेे। पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शुक्ला, छात्रनेता प्रभात पांडेय, अजीत पांडेय और आनंद कुमार को हिरासत में ले लिया। इस दौरान छात्रों और प्राध्यापकों ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के साथ पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। छात्रसंघ अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सोमवार से कक्षाएं प्रारंभ होनी थीं, लेकिन 11 बजे तक ज्यादातर प्राध्यापक नहीं पहुंचे थे। जो थे, वे क्लास में न जाकर विभाग में आराम कर रहे थे। इसलिए कॉलेज का गेट का बंद कर छात्रहित में आंदोलन किया जा रहा था। कॉलेज प्रशासन के इशारे पर पुलिस छात्रों से भिड़ गई। छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. घनश्याम मिश्र ने बताया कि प्रवेश की तिथि खत्म होने के बाद भी छात्र प्रवेश के लिए दबाव बना रहे थे। इसके लिए वे विभागों को बंद करा रहे थे। इसलिए पुलिस को कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया।