जिले के 885 परिषदीय विद्यालयों में किचन गार्डेन व्यवस्थित होंगे। इसके लिए शासन से प्रति स्कूल को 1500-1500 रुपये जारी किए गए हैं। शिक्षा विभाग उक्त धनराशि को विद्यालयों को भेजने की तैयारी में जुट गया है। जिससे बच्चों के एमडीएम की थाली में सब्जियां मिलेंगी।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं। साल 2021 से विद्यालयों में कीचन गार्डेन विकसित करने की पहल की गई। 2024 तक सभी विद्यालयों में इसे तैयार किया गया, हालांकि मौसम की खराबी एवं जरूरी पोषकतत्व न मिलने से कई विद्यालयों का कीचन गार्डेन खराब हो चुका है। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अजयपुर, भुलईपुर सहित सभी विद्यालयों में किचन गार्डेन विकसित हो चुका है। जिससे शिक्षक लौकी, कोहड़ा, करेला, मेथी, पालक, धनिया, सौंफ, बैंगन, लहसुन, टमाटर, आलू, भिंडी, करेला, कद्दू, लौकी, गाजर, फूल गोभी, शलजम, प्याज आदि के अलावा सहजन, बेल, नींबू, आम, अमरूद के पौधे भी तैयार कर सकेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि कीचन गार्डेन बेहतर करने के लिए 1500-1500 रूपये प्रति विद्यालय जारी किया गया है। उसे जल्द ही स्कूलों के खाते में भेजा जाएगा।