ज्ञानपुर।काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर किशन कुमार शुक्ला और महामंत्री पद पर कलट्टर यादव निर्वाचित हुए। किशन ने सर्वाधिक 761 मतों से निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रतिमा शुक्ला को पराजित किया, किशन को कुल 1359 मत मिले। वहीं कलट्टर ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राहुल गुप्ता को कड़े मुकाबले में 21 मतों से पराजित किया। उन्हें 545 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर संदीप यादव ने 758 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिलीप मौर्य को 149 मतों से पराजित किया। पुस्तकालय मंत्री पद पर अजय कुमार यादव ने 1233 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी हितेश कुमार शुक्ला को 731 मतों से पराजित किया। वाणिज्य संकाय प्रति निधि पद पर अवनीश कुमार सिंह ने 284 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी विशाल रावत को 187 मतों से पराजित किया। विज्ञान संकाय प्रति निधि पद पर विकास यादव 207 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनुपम उपाध्याय को 26 मतों से पराजित किया। इसके पूर्व सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होकर दो बजे समाप्त हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच 45 फीसदी मतदान हुआ। लगभग 6300 छात्र-छात्राओं में से 2828 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चार वर्ष के मुकाबले इस बार मतदान प्रतिशत तकरीबन 15 फीसदी बढ़ा है।
केएनपीजी कॉलेज में बृहस्पवितार को सुबह आठ बजे शुरू हुआ। इस दौरान सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। इस बार छात्राओं के मुकाबले छात्रों का मत लगभग डेढ़ गुना अधिक पड़ा। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं में मतदान के प्रति अधिक उत्साह देखा गया। संयोजक एवं सूचना प्रभारी डॉ. कमाल अहमद सिद्दीकी ने बताया कि करीब 63 सौ मतदाताओं में से 2828 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। इस तरह 44.88 फीसदी यानी लगभग 45 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि 1668 छात्रों और 1160 छात्राओं ने मतदान किया। दोपहर बाद तीन बजे से अपर पुलिस अधीक्षक जियालाल, एसडीएम केशवनाथ गुप्त, सीओ एस एस पांडेय, सुशील कुमार, प्राचार्य डॉ. ललित मोहन की उपस्थिति में मतगणना शुरू हुई। पौने तीन घंटे चले मतगणना के बाद छह बजकर 50 मिनट पर निर्वाचन अधिकारी डॉ. घनश्याम मिश्र ने परिणाम घोषणा की औपचारिकता पूरी की।