भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का सोमवार को समापन हो गया। अंतिम दिन शिविरार्थीयों ने प्रतिदिन की भांति प्रातः योग-ध्यान, ईश वंदना, झंडा गीत से दिन का शुभारंभ किया। इसके बाद रामरायपुर के मलिन बस्ती में साफ-सफाई की। जिसके बाद स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए।
मुख्य वक्ता डॉ. अनीश कुमार मिश्र ने पर्यावरण के संरक्षण में वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार है। वृक्षों को बचाने के लिए मानव जाति को ही आगे आना होगा। कहा कि पेड़ हमारी सांस हैं। आने वाले दिनों में उनके बिना एक कदम भी चल पाना असंभव हो जाएगा। क्योंकि वृक्षों से ही हमें वायु मिलती हैं और उन्हीं के चलते वर्षा होती है। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. शाहिद परवेज रहे। गीता शर्मा और उनकी टीम ने दहेज प्रथा पर नाटिका के माध्यम से प्रहार किया। अर्चिता गुप्ता ने मैया यशोदा गीत पर नृत्य -प्रस्तुत किया। खुशी उपाध्याय, मोबश्शिरा मोबीन और जय कुमार को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुना गया। विशेष योगदान के लिए चंदन राय व शिवम सिंह को सम्मानित किया गया। डॉ. माया यादव, डॉ. राजकुमार सिंह यादव, डॉ. अनुराग सिंह, बृजेश कुमार, डॉ. भावना सिंह, डॉ. श्वेता सिंह आदि रहे।