ज्ञानपुर नगर के विभूति नारायण राजकीय इंटर काॅलेज के मैदान में सात दिवसीय खादी प्रदर्शनी चल रही है। प्रदर्शनी को लेकर लोगों की खासी रूचि देखने को मिल रही है।
प्रदर्शनी में तीन दिनों में 12 लाख रुपये तक का व्यवसाय हो चुका है। खादी के प्रति लोगों की बढ़ती रूचि को देखकर खादी ग्रामोद्योग विभाग के साथ वहां स्टॉल लगाने वाले छोटे-छोटे उद्यमी भी उत्साहित हैं।
जिले में स्वदेशी, खादी एवं ग्रामोद्योगी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेले का आयोजन किया गया। छह जनवरी से शुरू हुई खादी प्रदर्शनी में डेढ़ दर्जन से अधिक लघु व मध्यम उद्योग लगाने वाले उद्यमियों ने स्टॉल लगाया है। ठंड की आमद बढ़ने के बाद भी मेले में खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनी में गर्म कपड़ों की मांग अधिक है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते तीन दिनों में 12 लाख का व्यवसाय हुआ है। यदि मौसम साफ हुआ, तो व्यापार और अच्छा होने की उम्मीद है। मेले में सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है।