जाड़े और कोहरे की आहट भर ने रेलयात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। दिल्ली और पश्चिमी उप्र में कोहरे के प्रभाव से उधर से आ रही ट्रेनें घंटों विलंबित हो रही हैं। इसका सर्वाधिक असर दिल्ली-बनारस के बीच चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पर देखने को मिला है। इसके अलावा हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।
पिछले एक सप्ताह से आंंशिक रूप से देरी से चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को 17 घंटे देरी से आई। विलंब आने के बाद यही ट्रेन, जो शुक्रवार को नई दिल्ली रवाना होनी चाहिए थी, वह 20 घंटे देरी से भदोही पहुंची। उधर हावड़ा से अमृतसर को जाने वाली 13005 पंजाब मेल एक्सप्रेस जहां तीन घंटे के विलंब से आई तो दुर्ग से चलकर छपरा को जाने वाली 15160 सारनाथ एक्सप्रेस दो व अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली 13006 पंजाब मेल एक्सप्रेस चार घंटे विलंब से भदोही पहुंची।
दिल्ली से आने वाली काशी विश्वनाथ को लेकर तो पिछले तीन दिन से भारी संख्या में यात्री परेशान हुए हैं। वैवाहिक सीजन में इसी ट्रेन के भरोसे रहने वाले लोगों में कईयों ने टिकट वापसी कर दूसरे साधनों से यात्रा की। इतना ही नहीं जिन्हें ट्रेन से यात्रा करनी थी। वे पूरी रात भदोही स्टेशन पर बिताने को विवश हुए।