ज्ञानपुर।सुहाग की सलामती के लिए रखे जाने वाले करवा चौथ व्रत की तैयारियों को कालीन नगरी में तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर के ब्यूटी पार्लरों में सजने-धजने को लेकर सोमवार को जहां सुहागिनों की भीड़ लगी रही, वहीं मेहंदी लगाने वालों की भी खूब चांदी कटी। करवा चौथ की तैयारियों को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। व्रत रखने वाली महिलाओं ने सोमवार को अमर उजाला के साथ अपने अनुभव और तैयारियों को साझा किया। पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मनाए जाने वाले करवा चौथ त्योहार का उत्साह दिखने लगा है। करवा से लेकर कपड़े और साज-सज्जा तक के बाजार त्योहार के निमित्त दमक उठे हैं। हालांकि सामान पर महंगाई का असर भी देखा जा रहा है। दूसरी ओर व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं की तैयारी अंतिम दौर में हैं। व्रत रखने वाली कुछ महिलाओं ने अपनी तैयारियों को साझा करते हुए कठिन व्रत के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
ज्ञानपुर नगर की ऋतु गोयल ने कहा कि वह 18 साल से करवा चौथ का व्रत रख रहीं हैं। इस दौरान एक-दो बार ऐसा समय भी आया, जब तबीयत ठीक नहीं थी तो पति नीरज ने कठिन व्रत रखा और पूरी श्रद्धा से उसका पारण करने का भी प्रयास किया। उन्होंने बताया कि पूरे दिन निराजल व्रत रखने के बाद रात में चलनी में चांद के साथ पति की सूरत देखकर अर्घ्य दिया जाता है।
इसी दौरान पति व्रत तुड़वाते हैं। इसके बाद सभी लोग भोजन करते हैं। इस दिन व्रत वाले घरों में विविध पकवान बनते हैं। नगर की संध्या भी करवा चौथ का व्रत रखती हैं। उन्होंने कहा कि करवा चौथ के प्रति लोगों की आस्था अपने आप में अनूठी है। सच्चे मन से की गई हर मनोकामना को यह व्रत पूर्ण करता है। बताया कि पिछले कुछ सालों के दौरान करवा चौथ का व्रत रखने के चलन में बदलाव आया है। यह तो नहीं कहा जा सकता है कि इस उपासना में आस्था की कोई कमी रहती है, लेकिन इतना जरूर है कि टीवी और फिल्मों के असर ने हमारी संस्कृति को प्रभावित जरूर किया है। शायद यही वजह है कि पूरब क्षेत्र की नई पीढ़ी में करवा चौथ का व्रत तेजी से लोगों के दिलोदिमाग में जगह बनाने में कामयाब हुआ है। अब गांवों में भी महिलाएं यह व्रत रख रहीं हैं।