गोपीगंज थानाक्षेत्र के धनीपुर गांव में शनिवार को सुबह करंट की चपेट में आने से हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। रो-रोकर लोगों का बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया।
धनीपुर सरायजगदीश निवासी सत्यम (16) पुत्र देवशरण यादव सुबह मवेशियों को चराने के लिए सिवान में गया था। खेत में गिरे 440 वोल्ट के तार से मवेशियों को बचाने के लिए उन्हें डंडे से हांकने लगा। उस दौरान गिरे तार को वह डंडे से हटाने लगा। तार हटाते समय अचानक उसकी तरफ आ गया और वह तार की चपेट में आ गया। आसपास किसी के न होने के कारण समय पर कोई नहीं पहुंचा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ लोग बाद में मवेशी लेकर पहुंचे तो सत्यम को वहां गिरा पड़ा देख परेशान हो गए। खबर लगने के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को हिलाकर रख दिया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया। उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था।