सुरियावां। तेजधर ब्रह्मबाबा खेल समिति की तरफ से मेढ़ी मैदान पर चल रही राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को भी दो मैच खेले गए। पहले मैच में कन्नौज ने आगरा और दूसरे मैच में मथुरा ने जौनपुर को हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
पहले मैच में टॉस जीतकर कन्नौज की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 18 ओवरों के मैच में सभी विकेट खोकर 121 रन बनाए। कैप्टन मानिक मौर्य ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। वहीं आनंद 29, आदित्य ने 15 रनों का योगदान किया। आगरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए उमेश कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाया। राम मिश्रा और आदित्य पांडेय को दो-दो विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा 18 ओवर में सात विकेट पर 107 रन बना पाई। जिसमें सबसे ज्यादा सावन कुमार ने 30 रन बनाए। आदी यदुवंशी 27, आदित्य पांडेय 11 रनों का योगदान किया। कन्नौज के गेंदबाज उदय प्रताप सिंह ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। अभय द्विवेदी, आनंद को एक-एक विकेट मिला। कन्नौज ने आगरा को चौदह रनों से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
दूसरे मैच में मथुरा ने जौनपुर को 48 रनों से हराया। मुख्य अतिथि सुरियावां खंड विकास अधिकारी सुधाकर दुबे रहे। मौके पर समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अमर बहादुर सिंह, राजमणि पांडेय, विजय शंकर राय, दिनेश, जेपी सिंह, रमाकांत मिश्रा, दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।