ज्ञानपुर। 73वीं अंतरजनपदीय वाराणसी जोन फुटबाॅल प्रतियोगिता शुक्रवार को जीआइसी ज्ञानपुर शुरू हो गई। इसमें 10 जनपदों की 11 टीमों ने प्रतिभाग किया। एक दूसरे को हराने के लिए टीमों ने खूब पसीना बहाया। पहले दिन दो-दो लीग मैच खेले गए। जिसमें जीत दर्ज जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
पहले दिन के मैच में जौनपुर पुलिस टीम ने वाराणसी को 2-0 से हराया। वहीं गाजीपुर ने मऊ की टीम को पैनाल्टी सूट में 2- 0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। आजमगढ़ की टीम ने बलिया पुलिस पर 2-0 से जीत दर्ज की। भदोही और गाजीपुर पुलिस के बीच हुए मैच में भदोही पुलिस ने 4-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में जौनपुर की टीम ने आजमगढ़ को दो-जीरो से हराया। शनिवार को चार जिलों की टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच होगा। इसमें भदोही और सोनभद्र, जाैनपुर और मिर्जापुर पुलिस की टीमें एक दूसरे से भिड़ेंगी। दूसरे पहर फाइनल मैच होगा। मैच शुरू होने के पहले खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। पुलिस अधीक्षक डाॅ. मीनाक्षी कात्यायन ने मार्च पास्ट का अभिवादन स्वीकार किया और खिलाड़ियों से परिचय लिया। उन्होंने प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन किया और खिलाड़ियों को एकता व सद्भावपूर्ण खेलभावना की शपथ दिलाई। उन्होंने फुटबाल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डा. तेजवीर सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।