ज्ञानपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण से कालीन नगरी में भी अब तक 100 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी। बावजूद इसके जिले के ज्यादातर लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे है। नतीजतन जिले में एक बार फिर से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को फिर एक दिन में 42 संक्रमित मरीज मिले।
कालीन नगरी में बुधवार को एक बार फिर से कोरोना के मामले तेज होने के बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूलने लगे हैं। दरअसल बीते एक सप्ताह से लगातार बाजारों में सुबह शाम भारी भीड़ उमड़ रही थी । जबकि पुलिस व प्रशासन की ओर से कोरोना गाइउलाइन के सख्ती से पालन करवाने की दिशा में कोई भी प्रयास नहीं किया गया। नतीजतन एक बार फिर से कोरोना के मामलों में तेजी आने लगी है।
जिले के मुख्यालय सटे ज्ञानपुर बाजार में बुधवार को शाम का नजारा देखने पर लग ही नहीं रहा था कि अभी कोरोना कर्फ्यू जारी है। बाजार में आम दिनों की तरह ज्यादातर दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। हालांकि इस दौरान अधिकतर दुकानों के शटर तो जरूर गिरे रहे लेकिन दुकानों के अंदर ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही। वहीं हरिहर नाथ मंदिर के पास भी शाम के समय कुछ दुकानदारों ने हाफ शटर गिराकर अपनी दुकानें खोली रखी थीं।
जिले के सबसे बड़े नगरों में शुमार गोपीगंज नगर में भी बुधवार की शाम को खरीददारों की ज्यादा भीड़ देखी गई। इस दौरान दुकानें तो बंद रहीं लेकिन नगर के प्रमुख बाजार में लोग बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के इधर उधर घूमते हुए देखे गए।