ज्ञानपुर। ज्ञानपुर के पाली में एक करोड़ 41 लाख की लागत से पंचायत उत्सव भवन बनेगा। पंचायत राज विभाग ने जमीन चिह्नित करके प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इसमें गरीब बेटियों की शादी से लेकर अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम कराए जाएंगे। सबकुछ ठीक रहा तो नए साल में इसका निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिले में 546 ग्राम पंचायतें है। गांव को आर्थिक एवं समृद्ध बनाने की पहल शासन स्तर से की जा रही है। इसके लिए सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन का निर्माण पहले किया जा चुका है। अब जिले की तीनों विधानसभा में एक-एक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण होना है। साल 2025 में एक पंचायत उत्सव भवन का लक्ष्य मिला था। जिसके लिए ज्ञानपुर विधानसभा के पाली में जमीन का चयन किया गया है। पंचायत उत्सव भवन के निर्माण पर एक करोड़ 41 लाख रुपये खर्च होंगे। दो मंजिला भवन में निजी गेस्ट हाउस की तरह चकाचौंध, आधुनिक और उत्कृष्ट व्यवस्थाएं होंगी। इस भवन में मांगलिक कार्यक्रमों में जरूरी व आने वाले मेहमानों के लिहाज से सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। गांव के आर्थिक रूप से कमजोर माता-पिता बेटियों के विवाह पर अब प्राइवेट गेस्ट हाउस के समान इन उत्सव भवनों में शादी कर सकेंगे। इसकी बुकिंग बेहद कम रुपये में होगी और मामूली खर्च पर मांगलिक कार्यक्रम संपन्न करने के लिए दिया जाएगा। इससे संबंधित गांव की आय बढ़ेगी। डीपीआरओ संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन के लिए पाली में गांव चिह्नित की गई है। प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से ही कार्यदायी संस्था का चयन होगा। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षो में दूसरी विधानसभा में भी एक-एक पंचायत भवन बनाए जाएंगे।