गोपीगंज चर्च में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर प्राथना में शामिल लोग। संवाद
गोपीगंज। पड़ाव स्थित मिशन कंपाउंड और सेंट थामस स्कूल में ईसाई समाज ने बुधवार की मध्य रात्रि के बाद प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया। विशेष प्रार्थना सभा के साथ ही मैरी क्रिसमस की लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। सोशल मीडिया पर क्रिसमस की धूम रही। झालरों से सजकर तैयार सीएनएनआई चर्च और विद्यालय देर रात तक मैरी क्रिसमस की धुन से गुंजायमान होता रहा।
बृहस्पतिवार की सुबह पादरी प्रवीन सूर्यस ने कैंडल प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। विशेष प्रार्थना सभा के बाद प्रभु यीशु का संदेश दिया। पादरी ने कहा कि प्रभु यीशु पूरी दुनिया में भगवान के रूप में पूजे जाते हैं। ऊंच-नीच की खाई पाटने में समाज के अंदर उनकी प्रमुख भूमिका रही है। वह गरीबों एवं असहाय के बीच रहना ज्यादा पसंद करते थे, इसलिए वह हर व्यक्ति के लिए प्रिय साबित हुए। ईसा मसीह के जीवन पर आधारित कार्यक्रम और जिंगल बेल की प्रस्तुति फैंसी ड्रेस कैटवाक की प्रस्तुति कर बच्चों ने मन मोह लिया। कंपाउंड में माता मरियम के साथ बालक यीशु का प्रतिरूप घास फूस से बनी झोपड़ी में जानवरों के साथ प्रभु यीशु के बाल स्वरूप को प्रस्तुत किया गया। चर्च भवन को रंग-बिरंगी रोशनी गुब्बारों फूलों चांद सितारों से सजाया गया था। फादर ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि प्रभु यीशु का जन्म आधी रात को ही हुआ था, इसलिए उनके अवतरण की खुशी में देर रात जश्न मनाया जाता है। चर्च में मसीही परिवार समेत तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे। एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।