ज्ञानपुर। ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) की शिकायतों के निस्तारण में भदोही पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। जुलाई 2025 से लेकर पुलिस पहले स्थान पर कायम है। सातवें महीने में लगातार पुलिस अव्वल आई। पुलिस ने आईजीआरएस पर आई शिकायतों का 100 फीसदी निस्तारण किया।
आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण का हर महीने शासन स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। जून 2025 में शासन स्तर से हुए मूल्यांकन में भदोही पुलिस को प्रदेश में 71वां स्थान मिला था। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने नाराजगी जताते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम सक्रिय हुई। निस्तारण में तेजी लाई। जुलाई 2025 से लेकर लगातार सातवें महीने शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में पहला स्थान मिला। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में इस बार भी शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करने में भदोही को 90 फीसदी से अधिक अंक मिले। सात महीने से प्रदेश स्तर पर पहला स्थान मिल रहा है। एसपी ने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल थानों पर ऑनलाइन भेजी जाती है। पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है कि नहीं इसका फीडबैक भी पुलिस कार्यालय के आईजीआरएस सेल पर नियुक्त कर्मचारी लेते हैं। जिससे की गई जांच एवं पुलिस कार्रवाई की गुणवत्ता ठीक होती है।