एकमा के भवन में शाम 6.54 बजे मगरीब की अजान सुनते ही कालीन निर्यातक, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक साथ खजूर से रोजा खोला तो उन्हें साथ देख सभी को खुशी का अनुभव हुआ।
इस मौके पर जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार राय के अलावा विधायक जाहिद बेग की मौजूदगी अहम रही। एकमा के मानद सचिव, तनवीर हुसैन अंसारी ने कहा कि हर साल एक बार ऐसा अवसर आता है, जब हम लोग साथ इफ्तार करते हैं और सौहार्द का संदेश देते हैं।
शाम 6.30 बजे से ही कालीन भवन में लोग पहुंचने लगे थे। लगभग दो सौ की संख्या में निर्यातक, समाजसेवी, विभिन्न राजनीति दलों के लोगों के अलावा डीएम और एसपी ने शामिल होकर साथ इ़फ्तार कर एकता की मिशाल पेश की।
इफ्तार के बाद वहीं पर नमाज भी अदा की गई, जिसकी इमामत हाफिज ने की। नमाज में लोगों ने आपसी भाईचारे और देश की समृद्धि के लिए अल्लाह से दुआ की।
इस मौके पर मौजूद डीएम और एसपी ने भी लोगों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। इफ्तार में एसडीएम रामजी लाल, सीओ एपी सिंह, पीसी जायसवाल, सुरेंद्र बरनवाल, उमेश कुमार गुप्ता, पियूष बरनवाल, सिद्धार्थ शुक्ला, अरशद वजीरी, जयंत देशपांडेय, शमीम अंसारी, हाजी फिरोज वजीरी, इस्तीयाक खां अच्छू, अभिषेक गुप्ता, अश्फाक अंसारी, आनंद जायसवाल, नीरज गुप्ता, एके ठुकराल, सुजीत जायसवाल, हृदय नारायण मौर्य, रजा खां, कन्हैया लाल मौर्य, हाजी शाहिद हुसैन, शाहिद अली आदि शामिल हुए।