जीआईसी में जिला स्तरीय गाइडेंस मेले में विद्याथियों के मॉडल को देखते विशेषज्ञ। संवाद
ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को माध्यमिक समग्र शिक्षा की ओर से जिलास्तरीय कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि डीएम शैलेष कुमार ने मॉडल का अवलोकन कर सराहना की।
जिलाधिकारी ने बच्चों को जीवन जीने की सीख देते हुए कहा कि किसी भी मुकाम तक पहुंचने के लिए संघर्ष एवं परिश्रम की आवश्यकता होती है। कॅरिअर गाइडेंस मेले के माध्यम से जो प्लेटफॉर्म दिया गया है, उससे प्रेरणा लेकर अपने सपनों की नई उड़ान का संकल्प लें। कहा कि हम बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए परिश्रम करेंगे तो वह मंजिल निश्चित ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय एआई तकनीकी का है। नई-नई तकनीकों को सीखकर विद्यार्थी आगे बढ़ सकते हैं। छात्र कृष्णा शुक्ला, छात्रा निधि समेत छह विद्यार्थियों ने कॅरिअर एवं संवाद के लिए डीएम से बात की। डीएम ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं है। हर समय सीखने की होती है। मेले में विद्यार्थियों ने अपने सपनों को चार्ट पेपर, माॅडल के रूप में उकेरा। इस दौरान इंजीनियरिंग, सिविल, चिकित्सकीय क्षेत्र के विशेषज्ञों ने इंटर के बाद विद्यार्थी को कॅरिअर संबंधी टिप्स दिए। अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान एवं संचालन हरिश्चंद्र यादव ने किया। समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक प्रदीप पांडेय लोगों का आभार जताया। इस मौके पर जीआईसी प्रधानाचार्य आलोक तिवारी, डायट प्राचार्य विकास चौधरी, इंद्रमणि मिश्रा, आशुतोष शुक्ल, उमेश बिंद, डॉ. राकेश दूबे, डॉ. अजय पांडेय आदि रहे।