सूरत के पंडेसरा इलाके से एक सप्ताह पूर्व प्रेमी संग भागकर आई युवती को बुधवार पुलिस ने नाटकीय ढंग से प्रेमी के ननिहाल से बरामद किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पंडेसरा थाने में युवती के परिवार वालों ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया है। बृहस्पतिवार को युवती के घर वाले उसे लेकर सूरत चले गए।
गोपीगंज नगर के लाई बाजार निवासी एक युवक तीन वर्षों से गुजरात के सूरत शहर के पांडेसरा इलाके में मकान निर्माण में स्लाइडिंग का काम करता था। वहीं पड़ोस में रहने वाली एक युवती से उसे प्रेम हो गया। दोनों गुपचुप तरीके से सात जुलाई को भदोही आ गए। उधर युवती का पता न चलने पर परिवार वालों ने पंडेसरा थाने में युवती के लापता होने का मुकदमा दर्ज कराया था। आसपास के लोगों से बातचीत के बाद युवती के घर वालों को पता चला कि युवती पास में रहने वाले युवक के साथ भदोही चली गई है। बुधवार को परिवार वाले गोपीगंज थाने पहुंचे। शिकायत पर पुलिस ने युवक के घर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। आसपास के लोगों की सूचना के आधार पर पुलिस ने युवती को युवक के ननिहाल से बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिसकी काफी चर्चा रही।