ज्ञानपुर। महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को मुकम्मल बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास किया गया है। यहां हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यहां से मरीजों को दवा खाने की तरीके, ओपीडी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड से जुड़ी जानकारी मिलेगी।
अस्पताल परिसर में न्यू ओपीडी भवन के सामने एक कक्ष बनाया या है। इसका 90 फीसदी काम हो चुका है। बस रंग रोगन करके इसी महीने के दूसरे सप्ताह तक लोकार्पण की तैयारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यहां दो कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। आमतौर पर देखा जाता है कि अस्पताल आने वाले मरीज पर्ची कटवाने के बाद इधर-उधर भटकते हैं कि किस डॉक्टर को दिखाना है। उसके बाद जब डॉक्टर खून की जांच लिखते हैं तो लैब खोजने के लिए भटकना पड़ता है। कई बार तो दवा लेने के बाद मरीज डॉक्टर के पास जाते हैं, जहां अन्य मरीजों को देखने में व्यस्त डॉक्टरों का ध्यान भी भंग होता है। अब जब हेल्प डेस्क काम करेगा तो मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। ओपीडी में कौन से डॉक्टर हैं, दवा कहां मिलेगी, इमरजेंसी कहां है, हड्डी रोग, बाल रोग विभाग किधर है ये सभी जानकारी मिल जाएगी। जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि हेल्प डेस्क से मरीजों व उनके तीमारदारों को फायदा मिलेगा। इसी महीने के दूसरे सप्ताह में हेल्प डेस्क काम करने लगेगा।