औराई। इटवा गांव में सोमवार की रात पुलिस ने एक अर्धनिर्मित मकान से भारी मात्रा में रेक्टिफाइड स्प्रिट बरामद किया। यह शराब बनाने के उपयोग में भी लिया जाता है। साथ ही पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर औराई थाने की पुलिस ने सोमवार की रात इटवा गांव में दबिश दी। गांव के एक अर्धनिर्मित मकान से पुलिस को 200 लीटर क्षमता के लगभग 10 ड्रमों में रेक्टिफाइड स्प्रिट रखा हुआ मिला। कोई ड्रम भरा था तो कोई आधा या कुछ कम भरा था। पुलिस को देखकर वहां काम कर रहे लोग इधर-उधर हो गए। दो पिकअप वाहनों पर लादकर स्प्रिट को पुलिस थाने ले गई। साथ ही आसपास से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। मौके से शीशी या शराब बनाने के अन्य उपकरण पुलिस को नहीं मिले। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि स्प्रिट या तो वहां से बिक्त्रस्ी किया जाता होगा या फिर कहीं भेजने की तैयारी रही होगी। हालांकि पुलिस अभी इस मसले पर ज्यादा कुछ बोलने से बचती रही। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि पुलिस ने दबिश दी है। पूछताछ की जा रही है।
इनसेट
गांजा कारोबार का केंद्र बना महराजगंज इलाका
औराई। पिछले कुछ वर्षों के दौरान महराजगंज और आसपास के लगभग 10-12 गांवों में शराब और गांजे के अवैध कारोबार के पुष्पित-पल्लवित होने के मामले खूब चर्चा में आए। महराजगंज के अलावा कंसापुर, इटवा, वासदेवपुर आदि गांवों में गुजरे कुछ माह के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब और गांजा बरामद किया गया। यह क्षेत्र मादक पदार्थों की तस्करी के लिए जाना जाने लगा है।