मूसलाधार बारिश से कुवरगंज मोहल्ले में लगा दो फीट पानी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कालीन नगरी में शनिवार को दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश के बाद प्रशासनिक लापरवाहियां सतह पर आ गईं। सड़कों पर दो फीट तक जलभराव हो गया और बाजार के कई घरों में पानी चला गया। विद्यालय और बिजली उपकेंद्र परिसर भी बारिश के पानी से लबालब हो गए।
शनिवार को दोपहर तक जनजीवन प्रचंड धूप और उमस से बेहाल रहा। 12 बजे के आसपास हवाओं के दबाव के साथ आसमान में बादलों की घेरेबंदी शुरू हुई। देखते ही देखते बादलों ने जिले के आसमान को पूरी तरह ढक लिया। कुछ देर के लिए अंधेरा सा छाया गया। ढाई बजे के आसपास इंद्रदेव मेहरबान हो गए। तकरीबन दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। इससे ज्ञानपुर नगर के मुख्य तिराहे पर दो फीट तक पानी लग गया। इससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। कई बाइक और साइकिल सवार पानी से होकर आते-जाते समय गिरते-पड़ते गुजरने को विवश थे। बाजार की कुछ दुकानों की चौखट तक पानी पहुंच गया। कुछ के घरों में बारिश का पानी भर गया।
नगर पंचायत गली में भारी जलभराव हो गया। नालियों की गंदगी सड़कों पर बहती नजर आई। इससे नगर निकायों की तैयारियां कटघरे में खड़ी होती दिखीं। बालीपुर रोड, पटेलनगर, सब्जीमंडी, मुख्यालय रोड आदि इलाकों में भी भारी जलभराव हो गया। गोपीगंज संवाददाता के मुताबिक मूसलाधार बारिश से समूचा नगर जलमग्न हो गया। जीटी रोड पर आजाद नगर के समीप कई दुकानों और घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया। नागरिकों का कहना था कि नाला सफाई न होने से यह समस्या आई है। वहिदानगर संवाददाता के मुताबिक वहिदा पावर हाउस परिसर में बारिश का पानी भर गया। इससे कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। कई विद्यालय परिसरों में भी बारिश का पानी भर गया।
सुरियावां संवाददाता के मुताबिक मूसलाधार बारिश के बाद सुरियावां-अभियां मार्ग पर भारी जलभराव हो गया। इससे रोड पर यातायात बाधित हो गया। मोढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइन बारिश के पानी में डूब गई। झमाझम बारिश के कारण जिले की बिजली आपूर्ति चरमरा गई। जिला मुख्यालय पर दोपहर तीन से गायब बिजली का शाम छह बजे तक दर्शन नहीं हो पाया था। बारिश के दौरान दिन में भी वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। रिमझिम बारिश का सिलसिला शाम छह बजे तक चलता रहा।